

नागपुरी या सादरी झारखंड व कुछ अन्य राज्यों में बोली जाने वाली एक हिन्द-आर्य भाषा है। इसे सदानी समुदाय बोलता है, जिस कारणवश इसे सदानी भाषा भी कहते हैं। ये सदानी बोलने वाले ही सदान कहलाते हैं। सदानों की मूल जाति है नाग जाति। नागजाति या नागवंश के शासन स्थापित होने पर (64 ई.) इसकी राजभाषा नागपुरी, छोटानागपुर (झारखंड) में सर्वमान्य हुई। नागपुरी के राजभाषा होने पर झारखंड में बसने वाली नागजाति (सदान) के अतिरिक्त मुण्डा, खड़िया, उराँव आदि की यह सम्पर्क भाषा अर्थात सर्वसाधारण की बोली हो गई है। नागपुरी के पूर्व नाम, सदानी, सदरी या सादरी, गँवारी भी प्रचलित रहे हैं। अब यह नागपुरी नाम पर विराम पा गई है।

